चुनाव से पहले धामी सरकार का महिलाओं के लिए तोहफा, बैंणी भुली योजना से महिलाओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

देहरादून – उत्तराखंड में साल 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं. जिसके मद्देनजर राजनीतिक पार्टियां दमखम से तैयारियों में जुटी हुई हैं. इसके साथ ही इस चुनावी वर्ष में सरकार भी पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है. चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं के लिए एक बड़ी योजना लागू करने की घोषणा की है. बैंणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की करीब 5 लाख से अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया जाएगा. चुनाव से ठीक पहले महिलाओं को साधने से जुड़ी इस योजना को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है. कांग्रेस इसे घटिया राजनीति बता रही तो वही, भाजपा इसे महिलाओं को आगे बढ़ाने की योजना बता रही है।
चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री धामी ने बैंणी-भुली योजना की घोषणा की. उत्तराखंड के स्थानीय भाषा में बैंणी-भुली शब्द का इस्तेमाल बेटियों और बहनों के लिए किया जाता है. घोषणा के दौरान सीएम ने कहा महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता सरकार की प्राथमिकता है. बैंणी-भुली योजना के जरिए प्रदेश की मातृशक्ति को आर्थिक संबल देने की कोशिश की जा रही है. खासबात ये है कि स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना और स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ी पांच लाख से अधिक महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इसकी पहली किस्त दिसंबर, 2026 में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
उत्तराखंड में करीब 75 हजार स्वयं सहायता समूह हैं. जिनसे साढ़े पांच लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं. इनमें से तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं. बैंणी-भुली योजना का दायरा इन्हीं समूहों और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं तक फैलाया जाना है. योजना के तहत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में दी जाएगी. पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी, जबकि दूसरी किस्त विधानसभा चुनाव सम्पन्न ने के बाद जारी होने की संभावना है. इस योजना के तहत हर एक लाभार्थी को करीब 10-10 हज़ार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. जिससे राज्य सरकार पर करीब 525 करोड़ रुपए का भार पड़ने की संभावना है. दिसंबर महीने के पहली किस्त जारी होगी. जिसके लिए करीब 262.5 करोड़ रुपए खर्च हो सकते हैं।




