उत्तराखंडक्राइमचारधाम यात्रादेश-विदेशधर्मपुलिसबड़ी खबरराजनीतिसामाजिक

बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में SIT की बड़ी कार्रवाई, मंदिर समिति का कर्मचारी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार

Uttarakhand

देहरादून/चमोली – श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई थाली भेंट की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (SIT) की जांच के बाद पुलिस ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है।

यह मामला श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा होने के कारण शासन ने इसे गंभीरता से लिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के निकट पर्यवेक्षण में SIT का गठन कर निष्पक्ष और गहन जांच शुरू की गई।

बता दें कि मामले में 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर पर कोतवाली श्री बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 और 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

तहरीर के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर गठित विभागीय जांच समिति की प्राथमिक जांच में सामने आया कि मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने गणना स्थल से नकदी और अन्य भेंट सामग्री को चोरी-छिपे अपने निजी लाभ के लिए बाहर निकाला।

SIT की जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत विश्लेषण किया गया। जांच में स्पष्ट दिखाई दिया कि आरोपी कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जा रहा था।

विवेचना में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट भी अवैध रूप से अपने कब्जे में लिए।

सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई 2026 की रात प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button